Monday, February 21, 2011

लोकतंत्र के नाम पर षड्यंत्र 64 सालो से ........... क्या कभी घौर किया हमने ?........

हम फिर आ गए हवा के ताजे झोंके की तरह। इस बीच कुछ भी नहीं बदला। बदला है तो बस कैलेंडर का फड़फड़ाता पन्ना। एक बार फिर ‘गण’ की सवारी करने के लिए तिरंगा हाथ में लेकर ‘तंत्र’ आ गया। गणतंत्र दिवस पर ‘गण’ गुनगुनाएगा ‘‘जन-गण-मन अधिनायक जय हे! भारत भाग्य विधाता।’’ कौन है और कैसा है ये भारत का यह ‘जन-गण-मन’ और हम क्यों अधिनायक की जय कर रहा है? ‘अधिनायक’ यानी तानाशाह की जय जहां होगी, वहां फिर लोकतंत्र कैसा? दर्शन शास्त्र की दो विधाएं हैं- नीतिशास्त्र और तर्कशास्त्र। तर्कशास्त्र का सिद्धांत है कि ‘‘जब आधार वाक्य ही गलत होगा तो निष्कर्ष सदैव भ्रामक निकलेंगे।’’ यही हो रहा है हमारे राष्ट्रगान के साथ। इसका आधार वाक्य ‘जन-गण-मन अधिनायक जय हो’ ही गलत है तो निष्कर्ष भी भ्रामक ही होगा। निष्कर्ष से यहां अभिप्राय ‘जनादेश’ से है। गुजरे 64 सालों में भारतीय ‘जन-गण-मन’ की कमर ‘तंत्र’ की तानाशाही ने तोड़ दी है और अधिनायक की जय-जयकार करते हुए देश में खलनायक तो खूब हैं पर ‘लोकनायक’ या ‘जननायक’ के जन्म की संभावना भी शेष नहीं है।

स्वतंत्र होने के बाद देश का वातावरण ऐसा नहीं रहा कि इस तरह के एक भी प्रतीक चरित्र यह राष्ट्र पैदा कर पाता। परिणाम कि गुलाम भारत के युवाओं के प्रतीक सुभाष होते थे तो आज शाहरुख खान हैं। आज देश का युवा अब महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस जैसा नहीं बनना चाहता। वह इस छल को जान चुका है कि राष्ट्र के लिए खून देने वाले लोग इस राष्ट्र के अधिनायकवादी तंत्र द्वारा भुला दिए जाते हैं और याद किए जाते हैं वह लोग जिनके बाप- दादे अंग्रेजों के समय चाटुकारिता कर रायबहादुर, राय साहब बने थे और आज भी आनंद में ओत-प्रोत हैं। रानी लक्ष्मीबाई के किसी वंशज का कहीं कोई पता है? वह भारत की स्वतंत्रता सेनानी थी इसीलिए। लेकिन ‘सिंधिया’ को सभी जानते हैं, जबकि इस खानदान द्वारा अंग्रेजों की तरफदारी करके रानी झांसी लक्ष्मीबाई को मरवा दी थीं।

माधवराव सिंधिया सत्ता भोगे और छोड़ गए अपने पीछे ज्योतिरादित्य सिंधिया। उधर राजस्थान में भी वसुंधरा राजे सिंधिया भाजपा की कृपा से मुख्यमंत्री पद भोग चुकी हैं और यशोधरा राजे सिंधिया भी ‘जन-गण-मन’ की छाती पर सवार हैं। रामप्रसाद बिस्मिल की बहन शाहजहांपुर में चाय की गुमटी लगाए अगर उदास आंखों से तिरंगा देखती हैं तो देखा करें। बिठूर में नाना फड़नवीस और तात्या टोपे के खानदानियों का कोई पुरसाहाल नहीं है। तो ‘अधिनायक जय हो’ करते करते हमने किस ‘भारत’ के कौन से ‘भाग्य विधाता’ बना डाले? यह तो भारत के भाग्यविधाता है राहुल, प्रियंका, ज्योतिरादित्य और जितिन जैसे लोगों का।

फिर भी लोकतंत्र के नाम पर षड्यंत्र करते हुए जो खलनायक ‘अधिनायक’ बन बैठे उन पर हमने कभी गौर किया? सत्ता के सभी अंग- न्यायपालिका, व्यवस्थापिका, कार्यपालिका अपनी-अपनी सुविधाओं की तानाशाही पर आमादा होकर ‘अधिनायक जय हो’ कर रहे हैं। न्यायपालिका का चेहरा भ्रष्टाचार के आरोपों से आक्रांत दिख रहा है लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के जज अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने से कतरा रहे हैं। कामनवेल्थ गेम, 2जी स्पेक्ट्रम, आदर्श घोटाला जैसे सुनियोजित घोटाले भी अब उजागर हो रहे हैं। मुलायम सिंह - अमर सिंह की कृपा से सर्वोच्च न्यायालय का एक मुख्य न्यायाधीश अगर नोएडा में बेशकीमती जमीनें पा जाता है तो दिनाकरन मुद्दे पर दूसरे खुलकर जातिवादी कार्ड खेलते नजर आ रहे हैं। वैसे भी ‘न्याय’ नागरिक को मुफ्त में तो नहीं मिलता। लेकिन अवमानना का कानून हमें बोलने और पूछने से रोकता है। अब भला जज साहब से यह कौन पूछे कि- आप के पास आय के ज्ञात स्त्रोत से अधिक पैसा कैसे आया? कभी सुना है कि किन्हीं जज साहब के यहां आयकर का छापा? यह थी न्यायपालिका के अधिनायक की जय। व्यवस्थापिका और विधायिका के अधिनायक की जय की भी बात हो जाए। लालकिले के प्राचीर पर खड़े होकर संपूर्ण राष्ट्र को अपने आगे नतमस्तक देखने वाली प्रतिभा पाटिल का नाम ‘सोनिया कृपा’ के पहले कितनों ने सुना था और सुना भी था तो क्यों? चिटफंड की धोखाधड़ी, चीनी मिल सहकारी समितियों की हेरा- फेरी की फेहरिस्त उतनी ही लंबी है जितना उनका वैभव। किन्तु आज वह राष्ट्रपति हैं- हुई न अधिनायक की जय। मुंडा हो, गुंडा हों, रेड्डी हों या गुरुजी सभी जगह खलनायक अधिनायक बनते प्रतीत हो रहे हैं और यह मनमोहन सिंह नामक प्रधानमंत्री ईवीएम की वैध संतान है या लोकतंत्र के प्रयोग का परखनली शिशु यह तो बताओ हे मतदाता! तुम्हें पता है सब, फिर खामोश क्यों हो?

1 comment: